रांची. झारखण्ड में दो महीने बाद विधानसभा चुनाव होना है. ऐसे में विधायक से लेकर मंत्री तक अपने सियासी भविष्य को लेकर चिंतित हैं. और जीत के लिए जनता के साथ-साथ साधु-संत की शरण में जा रहे हैं. इसमें सबसे आगे सूबे के स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी हैं. अपने सियासी स्वास्थ्य को ठीक करने के लिए उन्होंने बुधवार को रांची स्थित आवास पर नागा साधु को बुलाया और आशीर्वाद लिया. हरिद्वार से आए नागा साधु के साथ कई संत भी थे.
नागा साधु की शरण में स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री ने तन, मन और धन तीनों चीज से इन साधु- संतों की सेवा की. स्वास्थ्य मंत्री की सेवा से खुश होकर संतों ने उन्होंने भविष्य की चिंता से मुक्ति दिला दी. यानी चुनाव में जीत का पक्का आशीर्वाद दे दिया.
स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, संतों का आदर- सत्कार हमारे देश और राज्य की सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा है. उन्होंने बताया कि जब वे राजस्व विभाग में नाजीर के पद पर थे, तब एक संत ने ऑफिस आकर उन्हें आशीर्वाद दिया था. जिसके बाद छह महीने में उन्होंने नौकरी छोड़ दी और राजनीति की सीढ़ी चढ़कर मंत्री बन गए.
लालू प्रसाद की सरकार में थे मंत्री
बीजेपी में आने से पहले रामचंद्र चंद्रवंशी आरजेडी में थे. आरजेडी के टिकट पर वे विधायक भी बने और संयुक्त बिहार में लालू प्रसाद की सरकार में मंत्री भी रहे. बाद में वे आरजेडी को छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गये. फिलहाल वे पलामू के विश्रामपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं. और रघुवर सरकार में सबसे बुजुर्ग मंत्री हैं.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours