देवघर. मुख्यमंत्री रघुवर दास की संथाल परगना में जन आशीर्वाद यात्रा समाप्त हो गई. संथाल यात्रा के अंतिम दिन मंगलवार को सीएम ने जामताड़ा के करमाटांड़ और देवघर में कई सभाएं की. इस दौरान उन्होंने करमाटांड़ के लोगों को भरोसा दिलाया कि उनके प्रखण्ड का नाम जल्द ईश्वर चंद्र विद्यासागर के नाम पर रखा जाएगा. सीएम ने कहा कि पिछले पांच साल में संथाल परगना ने विकास के नए कीर्तिमान बनाए हैं. यहां की महिलाओं के द्वारा बनाए गए जलकुंभी उत्पाद अब इटली के बाजारों तक पहुंच रहे हैं.
जेएमएम पर हमला
झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि विकास संथाल परगना का करना था, लेकिन खुद करोड़ों की जमीन के मालिक बन गए. सोरेन परिवार गोला का रहने वाला है, लेकिन संथाल को इन्होंने अपना चारागाह बना रखा था. सीएनटी-एसपीटी एक्ट का सबसे ज्यादा उल्लंघन सोरेन परिवार ने ही किया. सोरेन परिवार कैसे देवघर, बोकारो, रांची, दुमका, पाकुड़िया, साहेबगंज में करोड़ों की जमीन का मालिक बन गया. जनता को ये सवाल उनसे पूछना चाहिए.
झारखंड को लूटने का प्लान बना रहे हैं
सीएम ने कहा कि आदिवासी समाज को कांग्रेस और जेएमएम ने वोट बैंक बनाकर रखा था. एक बार फिर जेएमएम, कांग्रेस, जेवीएम और आरजेडी मिलकर झारखण्ड को लूटने का प्लान बना रहे हैं. इन्हें जनता को करारा जवाब देना होगा. मैं अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड लेकर आया हूं. संथाल- परगना में विकास देवघर से लेकर गोड्डा तक देखने को मिल रहा है. 2015 में जब संथाल आया था, तो यहां की दशा देखकर पीड़ा हुई थी.
जेएमएम की न नीति अच्छी है और न ही नीयत
सीएम के कहा कि पहली बार गोड्डा तक ट्रेन पहुंची है. जो काम 14 साल में नहीं हो पाया था, वो 5 साल में कर दिखाया है. 14 साल तक कांग्रेस और जेएमएम ने सत्ता का खेल खेला. राजनीति की आड़ में घोटाले पर घोटाले करते गए. कांग्रेस और जेएमएम की न नीति अच्छी है और न ही नीयत. जम्मू कश्मीर को अनुच्छेद 370 से आजादी मिली, तो जेएमएम को ये हजम नहीं हो रहा है.
अब कोल्हान में 26 से जन आशीर्वाद यात्रा
बता दें कि 19 सितम्बर से शुरू हुई जन आशीर्वाद यात्रा में मुख्यमंत्री ने संथाल-परगना के 6 जिलों के 18 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया. पिछले पांच दिन में उन्होंने 581 किलोमीटर का सफर तय कर 44 सभाएं कीं. दूसरे फेज में सीएम कोल्हान में 26 से 30 सितम्बर तक जन आशीर्वाद यात्रा करेंगे.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours