साहिबगंज से कैलाञ्चल न्यूज के लिए आलोक कुमार की रिपोर्ट

साहिबगंज:- आज दिनांक 24 सितंबर 2019 को जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने राजमहल प्रखंड के महाराजपुर बाज़ार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। इस क्रम में 
उपायुक्त ने महाराजपुर में ग्रामीणों से उनकी समस्याएं सुनी एवं उन्होंने ग्रामीणों से निवेदन किया की दियारा क्षेत्र में बसे लोग जल्द से जल्द दियारा छोड़ गांव आ जाएं। वही उन्होंने ग्रामीणों से कहा की नदी में अभी और पानी बढ़ने की संभावना बनी हुई है, और ऐसे में स्थिति और बिगड़ सकती है, इसलिये सावधानी बरतते हुए दियारा क्षेत्र से लोग सुरक्षित स्थानों पर आ जाएं। वही उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए महाराजपुर स्थित विद्यालय में आश्रय की व्यवस्था की गयी है। उधर उपायुक्त ने बारी बारी से नाव से उतर रहे लोगों से मुलाकात की एवं उनसे मवेशियों एवं जो लोग अभी भी बाढ़ में फंसे हुए हैं, उनकी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने दियारा क्षेत्र से आई वृद्ध महिला से उनकी स्थिति जानी एवं उनकी समस्याएं सुनी। वही उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सभी बाढ़ पीड़ितों के मदद के लिए हर संभव प्रयास करेगा।उपायुक्त ने टेलीफोन के माध्यम से दियारा क्षेत्र में लोगों से बात करते हुए निवेदन किया कि वह जल्द से जल्द दियारा छोड़ मुख्य प्रखंड में आएं, क्योंकि अगर रात को अचानक पानी बढेगा तो उन्हें कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है। वही महाराजपुर में बाढ़ से प्रभावित 325 परिवारों को चावल, दाल, चूड़ा, त्रिपाल आदि वितरित किया गया। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण के  उपरांत उपायुक्त ने सकरीगली मध्य विद्यालय स्थित राहत शिविर  का भी जायज़ा लिया। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात करते हुए उन्हें आश्वासन दिया कि ज़िला प्रशासन हर तरह के मदद के लिये हमेशा तत्पर रहेगा। वही उपायुक्त ने राहत शिविर एवं वहाँ बाढ़ पीड़ितों के लिए बन रहे खाने का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि ज़िले के चार प्रखंड राजमहल, उधवा, सदर मुख्यालय एवं तालझारी में राहत शिविर बनाया गया है। इस निरीक्षण के क्रम में अपर समाहर्ता अनुज कुमार प्रसाद, सदर अनुमंडल पदाधिकारी पंकज साव, जिला जनसम्पर्क पदाधिकरी रोहित कंडुलना आदि उपस्थित थे।_
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours