रामगढ़। झामुमो सह मजदूर नेता गहन टुडू  को दिनदहाड़े  गोली मार कर हत्या किए जाने के विरोध में आक्रोशित लोगों का आंदोलन सोमवार को भी जारी है। घटना को लेकर पिछले 22 घंटे से रोड जाम के साथ-साथ उरीमारी के तीन खदानों बिरसा, न्यू बिरसा, उरी मारी में कोयला उत्पादन और ट्रांसपोर्टिंग पूरी तरह से ठप है। इससे सीसीएल को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। आंदोलन कारी हजारीबाग एसपी को बुलाने और हत्यारों की गिरफ्तारी के मांग पर अड़े हुए हैं।

सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित लोगों द्वारा सड़क पर उतर कर जगह-जगह टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। वहीं हत्या के बाद उरीमारी में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद सोमवार को सुबह गहन टुडू के शव को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया गया है। गौरतलब है कि रविवार दोपहर करीब दो बजे झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य, झाकोमयू के सीसीएल जोनल कोषाध्यक्ष व रैयत विस्थापित मोर्चा के नेता सह सीसीएल कर्मी गहन टुडू को अपराधियों ने उनके घर से करीब तीन सौ मीटर की दूरी पर पहाड़ी मंदिर चौराहा के पास दिन दहाड़े गोली मार कर हत्या कर दी गई थी।

हत्या की जिम्मेदारी नक्सली संगठन झारखंड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) ने ली है। इधर घटना के बाद उरीमारी बड़कागांव सहित कई थानों की पुलिस कैंप की हुई है। उरीमारी आसपास क्षेत्रों में दहशत का माहौल देखा जा रहा है। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। घटना के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों ट्रेड यूनियन के नेताओ कार्यकर्ताओ का उरीमारी आना जाना लगा हुआ है।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours