रांची। विधानसभा चुनाव से पूर्व झारखंड की राजनीति मेें बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विपक्षी खेमे में सेंध लगाते हुए झामुमो और कांग्रेस को बड़ा झटका देने की तैयारी मुक्कमल कर ली है। कांग्रेस के सुखदेव भगत व मनोज यादव और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कुणाल षाडंगी व चमरा लिंडा का 23 अक्टूबर को भाजपा में शामिल होना तय माना जा रहा है।
इनके अलावा, झामुमो के निष्कासित विधायक जेपी पटेल और कुछ पूर्व वरिष्ठ पदाधिकारी भी भाजपा में शामिल होंगे। चर्चा तो यह भी है कि कांग्रेस विधायक बादल पत्रलेख को भी भाजपा में शामिल कराया जा सकता है। चुनाव पूर्व इस महामिलन समारोह को भाजपा ने भव्य बनाने की तैयारी की है। रांची के हरमू मैदान में आयोजित समारोह में ये तमाम नेता अपने-अपने दलों को त्यागकर भाजपाई हो जाएंगे।
कांग्रेस और झामुमो के ये तमाम विधायक पिछले एक माह से भाजपा के संपर्क में थे। भाजपा का टिकट मिलने की सौ फीसद गारंटी और मनपसंद सीट से चुनाव लडऩे का भरोसा मिलने के बाद ही इन्होंने पार्टी में शामिल होने का निर्णय ले लिया है। बताया जा रहा है कि इन नेताओं की मुख्यमंत्री रघुवर दास से कई दौर की वार्ता के बाद रविवार शाम को इस संबंध में अंतिम सहमति बनी।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours