रामगढ़. बारूद ढोने वाली गाड़ी ने चार बच्चों को कुचल दिया. इससे दो बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि दो घायल बच्चों को सीसीएल अस्पताल (CCL Hospital) नईसराय में भर्ती कराया गया. वहां से इन बच्चों को रिम्स (RIMS) रेफर कर दिया गया. दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है. सभी बच्चे रामगढ़ के बिंझार बस्ती के रहने वाले हैं. घटना तब पेश आया, जब चारों बच्चे ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहे थे.
ट्यूशन पढ़कर लौट रहे थे बच्चे
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटना में शामिल गाड़ी को रांची रोड के पास जब्त कर लिया. हालांकि चालक भागने में सफल रहा. पुलिस ने बताया कि गाड़ी अरगड्डा की ओर से रामगढ़ आ रही थी. इसी दौरान बिंझार बस्ती के पास ट्यूशन पढ़कर लौट रहे चार बच्चे इसकी चपेट में आ गये. इस हादसे में दो सगी बहनों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि दो बच्चे बुरी तरह घायल हो गये.
वाहन मालिक पर कार्रवाई की मांग
मृत बच्चियों की पहचान सुनील यादव की बेटियां सपना और नीतू के रूप में हुई. जबकि घायलों में सुनील यादव की तीसरी बेटी छोटी कुमारी और देवचंद दास का बेटा अनुज कुमार शामिल है. सीसीएल अस्पताल नईसराय के डॉक्टर भरत सिंह ने कहा घायल बच्चों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया. आजसू पार्टी ने वाहन मालिक पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours