रांची. झारखंड युवा आरजेडी (RJD) ने रविवार झारखंड की वर्तमान बीजेपी (BJP) सरकार के खिलाफ जन आक्रोश रैली कर चुनावी शंखनाद की शुरुआत की. रांची के हरमू मैदान में बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejaswi Yadav), प्रदेश प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश यादव सहित कई नेताओं ने शिरकत की.

आरजेडी ने बड़ी संख्या में जनसमर्थक जुटाकर सहयोगियों को भी यह बताने की कोशिश की कि भले ही 2014 के विधानसभा चुनाव में उसका खाता नहीं खुला हो पर उसका जनाधार कायम है और कोई उसे कम कर न आंकें.

झारखंड की बदहाली के लिए बीजेपी को जिम्मेवार बताते हुए तेजस्वी यादव ने रैली में आए लोगों से कहा कि बीमार पिता से साजिशन मिलने नहीं दिया जा रहा. आरजेडी नेता ने कहा कि बीजेपी ने 19 साल के झारखंड में 16 साल शासन किया है और वही राज्य की बदहाली के लिए जिम्मेवार है. आरजेडी नेता ने जेडीयू और नीतीश कुमार पर भी हमला बोला.

झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के नेताओं ने बनाई दूरी

आरजेडी की रैली से न्योता मिलने के बावजूद झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के नेताओं ने जरूर दूरी बना ली पर बिहार के लोक गीत गायक छोटू छलिया ने अपने गायन से न सिर्फ बीजेपी पर प्रहार किया बल्कि लोगों का भी खूब मनोरंजन किया.

महागठबंधन की एकजुटता की खुली पोल
बहरहाल, आरजेडी की रैली भले ही भीड़ और नेताओं कार्यकर्ताओं की संख्या और जोश के हिसाब से सफल रहा हो पर एक सवाल आनेवाले दिनों के लिए छोड़ गया कि महागठबंधन बनाकर बीजेपी को परास्त करने के दावों के बीच फिर एक बार महागठबंधन मंच पर एकजुट नहीं दिखा.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours