सिमडेगा. बारिश की वजह से स्थगित हुई मुख्यमंत्री रघुवर दास की जन आशीर्वाद यात्रा एक बार फिर शुरू हो गई है. गुरुवार को सीएम ने सिमडेगा और कोलेबिरा में जनता से आशीर्वाद मांगा. सीएम ने कहा कि सोने की चम्मच से दूध पीने वाला सोरेन परिवार गरीबों और वंचितों की परेशानियों नहीं समझेगा. गरीब को परेशानी मजदूर का बेटा ही समझ सकता है, जिसने अभाव के दर्द को महसूस किया है.
कांग्रेस-जेएमएम पर निशाना
सीएम ने कहा कि पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक कांग्रेस और जेएमएम ने वंशवाद और भ्रष्टाचार की राजनीति की है. जनता से वोट लेकर अपना विकास किया है. सोरेन और गांधी परिवार ने सिमडेगा के लोगों को शिक्षा और विकास से दूर रखा. कांग्रेस और जेएमएम की गलत नीतियों के कारण ही कोलेबिरा विकास में पिछड़ गया. लेकिन वर्तमान सरकार ने जिले के विकास के लिए अलग से 50 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया है, ताकि कोलेबिरा में तेजी से विकास हो सके.
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरी जिंदगी का लक्ष्य झारखण्ड से गरीबी को खत्म करना है. सभा से पहले सीएम ने रानी लक्ष्मीबाई, रानी दुर्गावती और वीर बुधु भगत की प्रतिमा को नमन किया. बता दें कि भारी बारिश के चलते सीएम को कोल्हान में जन आशीर्वाद यात्रा बीच में ही रोकनी पड़ी. उससे पहले उन्होंने संथाल-परगना में जन आशीर्वाद यात्रा किया.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours