दुमका। पहले फेसबुक और फिर व्हाटसएप पर अजनबी युवक से अपनी बेटी के दोस्ती करने से नाराज पिता ने चौदह साल की नाबालिग बेटी को घर से निकाल दिया। जानकारी के अनुसार गोड्डा पथरगामा के बेलनी गांव की रहने वाली किशोरी को स्थानीय पुलिस ने मंगलवार की सुबह जेल के पीछे बेहोशी हालत में पाया। इसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान दोपहर को उसे होश आया तो जोर-जोर से रोने लगी।
पूछताछ के क्रम में उसने बताया कि वह कक्षा नौ की छात्रा है। उसके पास अपना कोई मोबाइल नहीं है। कभी-कभार अपनी मम्मी की मोबाइल से फेसबुक और व्हाटसएप चलाया करती थी। इस दौरान जामा प्रखंड के धर्मपुर पूॢणया गांव के सागर नाम के युवक से दोस्ती हो गई। इसकी जानकारी पिता को हुई तो उन्होंने फोन पर सागर से बात की तो उसने दुव्र्यवहार करते हुए अश्लील बात की। इसके बाद पापा ने डांटते हुए कहा कि जिस लड़के से तुम बात करती हो उसके ही घर में जाकर रहो और घर से निकाल दिया। मजबूरीवश मैं दो दिन तक गांव में ही एक रिश्तेदार के घर रही। जब इस बात की जानकारी पिताजी को मिली तो रविवार को वहां आकर मुझे भला बुरा कहते हुए वहां से खदेड़ दिया।
सोमवार को अनजाने में बस पकड़कर दुमका आ गई। शाम को बस स्टैंड में रोता देख शिकारीपाड़ा का रहने वाला एक युवक आया और अपनी महिला मित्र के घर ले गया। रात भर वहां रहने के बाद युवक मंगलवार की सुबह जेल के समीप छोड़कर चला गया। किशोरी का कहना था कि रात से उसने कुछ नहीं खाया था। भूख की वजह से बेहोश हो गई थी। दोपहर को नगर थाना की पुलिस फिर अस्पताल पहुंची और उससे परिवार की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि किशोरी को परिवार के सुपुर्द कर दिया जाएगा। उसने किसी तरह की कोई शिकायत नहीं की है।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours