रांची. झारखंड विधानसभा चुनावके लिए आरजेडी (RJD) ने 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है. इसमें राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, तेजप्रताप, मीसा भारती, शरद यादव, रघुवंश प्रसाद सिंह समेत कई नेताओं के नाम शामिल हैं. आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी. आरजेडी, कांग्रेस और जेएमएम के साथ मिलकर 7 सीटों पर चुनाव लड़ रही है.

स्टार प्रचारकों की लिस्ट में बिहार राजद के लगभग सभी बड़े नेताओं के नाम शामिल हैं. वहीं झारखंड से पार्टी प्रभारी जय प्रकाश यादव, प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह, पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, अनिल यादव, पूर्व सांसद घूरन राम के नाम शामिल हैं.

राजद प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार ने कहा कि तेजस्वी यादव, हेमंत सोरेन और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर उरांव की संयुक्त चुनावी सभाएं भी होंगी, जिसके लिए कार्यक्रम बनाए जा रहे हैं. बता दें कि झारखंड में 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए 30 नवंबर से 20 दिसंबर तक पांच चरणों में मतदान होगा. मतगणना 23 दिसंबर को होगी. आरजेडी, जेएमएम और कांग्रेस के साथ चुनावी गठबंधन किया है. गठबंधन में हुए सीट बंटवारे के तहत कांग्रेस 31, झामुमो 43 और आरजेडी 7 सीटों पर चुनाव लड़ रही है.

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours