रांची. झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 नवंबर से प्रचार अभियान की शुरुआत कर सकते हैं. सूत्रों के मुताबिक पीएम 6 से 8 रैली कर सकते हैं. और उनकी सभा की शुरुआत पलामू से हो सकती है. पहले चरण में पलामू की पांच सीटों, डालटनगंज, हुसैनाबाद, पांकी, छतरपुर और बिश्रामपुर में चुनाव होना है. जबकि बाकी की 8 सीटें गढ़वा, चतरा, लोहरदगा, गुमला, लातेहार जिले में पड़ती हैं. इन सभी पर 30 नवंबर को वोट डाले जाएंगे.
बीजेपी इस बार झारखंड विधानसभा का चुनाव अकेले लड़ रही है. लोजपा और आजसू के साथ उसका गठबंधन टूट गया है. पार्टी ने अबतक 81 में से 75 सीटों के लिए प्रत्याशियों का ऐलान किया है. कई सीटों पर बीजेपी-आजसू के प्रत्याशी इस बार आमने-सामने हैं. बीजेपी ने अपने लिए 65 प्लस सीट का लक्ष्य रखा है. हालांकि पिछले चुनाव में पार्टी को 37 सीटों पर जीत मिली थी. बाद में जेवीएम के 6 विधायक टूटकर बीजेपी में शामिल हो गये थे. बीजेपी के साथ गठबंधन में आजसू 8 सीटों पर लड़ी थी और 5 सीटों पर जीती थी. लेकिन इस बार सीट बंटवारे में सहमति नहीं बन पाई, जिसके बाद दोनों पार्टियां अलग-अलग चुनाव लड़ रही हैं. पिछले बार से अलग लोजपा भी इस बार अकेले मैदान में है.
बता दें कि झारखंड में पांच चरणों में विधानसभा चुनाव होना हैं. पहले चरण में 13 सीटों पर 30 नवंबर को वोट डाले जाएंगे. दूसरे चरण में 20 सीटों के लिए 7 दिसंबर को, तीसरे चरण में 17 सीटों के लिए 12 दिसंबर को, चौथे चरण में 15 सीटों के लिए 16 दिसंबर और पांचवें चरण के लिए 16 सीटों पर 20 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे. 23 दिसंबर को मतगणना के साथ रिजल्ट जारी होंगे.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours