रांची।  भारत निर्वाचन आयोग की तीन सदस्यीय टीम सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर झारखंड पहुंचेगी। वरीय उपनिर्वाचन आयुक्त उमेश सिन्हा इस टीम का नेतृत्व करेंगे। टीम तीन प्रमंडलों दक्षिणी छोटानागपुर, उत्तरी छोटानागपुर और पलामू के विभिन्न जिलों में चुनाव की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेगी। शेष दो प्रमंडलों की समीक्षा बाद में होगी। टीम में उप निर्वाचन आयुक्त सुदीप जैन और भारत निर्वाचन आयोग के सचिव सह झारखंड प्रभारी अरविंद आनंद शामिल हैं।

आयोग की टीम पहले दिन सोमवार को बोकारो जाएगी। वहां उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल की समीक्षा की जाएगी। मंगलवार को टीम रांची में दक्षिणी छोटानागपुर और पलामू प्रमंडल की समीक्षा बैठक करेगी। मिली जानकारी के अनुसार चुनाव आयोग की टीम सोमवार को सुबह नौ बजे रांची एयरपोर्ट पहुंचेगी, जहां से हेलीकॉप्टर से बोकारो जाएगी। मंगलवार की सुबह टीम रांची लौटेगी। रांची में दक्षिणी छोटानागपुर और पलामू प्रमंडल की समीक्षा करेगी। बता दें कि इससे पहले केंद्रीय चुनाव आयोग की टीम ने पिछले महीने 17 और 18 अक्टूबर को भी रांची में चुनाव तैयारियों का जायजा लिया था।

मुरली कुमार बने विशेष व्यय पर्यवेक्षक

निर्वाचन आयोग ने भारतीय राजस्व सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी बी. मुरली कुमार को झारखंड विधानसभा के लिए विशेष व्यय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। कुमार शीघ्र ही अपना प्रभार ले लेंगे और राज्य के अधिकारियों के साथ बैठक कर उनका मार्गदर्शन करेंगे। चुनाव आयोग के अनुसार विशेष व्यय पर्यवेक्षक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के साथ चुनाव दल के कार्यों का पर्यवेक्षण करेंगे और इसकी निगरानी भी उनके जिम्मे होगी। वे यह भी सुनिश्चित करेंगे कि गोपनीय सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई हो और सी-विजिल, वोटर हेल्पलाइन 1950 आदि पर प्राप्त इनपुट का समय रहते संज्ञान लिया जाए।

बुधवार को जारी होगी पहले चरण की अधिसूचना

विधानसभा के पहले चरण के चुनाव लिए अधिसूचना बुधवार 6 नवंबर को जारी होगी, जिसके बाद उम्मीदवार नामांकन कर सकेंगे। 13 नवंबर तक उम्मीदवार नामांकन कर सकेंगे। 14 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 16 नवंबर तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। पहले चरण की 13 सीटों के लिए 30 नवंबर को चुनाव होना है।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours