रांची। भाजपा नौ या दस नवंबर को झारखंड विधानसभा के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है। माना जा रहा है कि फिलहाल केंद्रीय चुनाव समिति के स्तर से सिर्फ दो चरणों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। इससे पूर्व प्रदेश स्तर पर गठित चुनाव समिति संभावित दावेदारों पर मंथन करेगी। भाजपा में आम तौर पर चुनाव समिति प्रत्याशियों के अंतिम रूप से चयन के लिए मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री को अधिकृत करती है।

इस बार भी ऐसा ही होने की संभावना है। प्रदेश स्तर पर होने वाली इस कवायद को अगले दो-तीन दिनों के भीतर निपटा लिया जाएगा। प्रदेश के स्तर पर तय नामों को केंद्रीय चुनाव समिति के सुपुर्द कर दिया जाएगा। केंद्रीय चुनाव समिति प्रदेश की टीम के साथ चर्चा कर प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। झारखंड में पांच चरणों में चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जानी है।

पहले चरण की नामांकन प्रक्रिया छह नवंबर से ही शुरू हो जाएगी। प्रथम चरण के लिए 13 नवंबर नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है। वहीं, दूसरे चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 18 नवंबर है। भाजपा की यही कोशिश होगी कि पहले दो चरणों के लिए समय से पूर्व प्रत्याशियों का चयन कर लिया जाए।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours