रांची. झारखंड में पहले फेज में 13 विधानसभा सीटों पर चुनाव होने हैं. इनमें से एक पलामू की विश्रामपुर सीट भी है. यहां से निवर्तमान विधायक स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी हैं. सियासी गलियारों में ऐसी चर्चाएं तेज हैं कि पार्टी विश्रामपुर सीट से उनका टिकट इस बार काट सकती है. इसके पीछे पार्टी के आंतरिक सर्वेक्षण में उनकी असंतोषजनक रिपोर्ट को कारण बताया जा रहा है. उनके अलावा गुमला के विधायक शिवशंकर उरांव और मनिका से विधायक हरिकृष्ण सिंह के भी टिकट कटने की अटकलें हैं.
मेरा टिकट सबसे कन्फर्म
हालांकि न्यूज-18 से खास बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने दावा किया है कि पार्टी के आंतरिक सर्वे में उनकी रिपोर्ट बेहतर रही है. टिकट कटने की बात महज एक अफवाह है. उन्होंने कहा कि पलामू प्रमंडल में सबसे कन्फर्म टिकट मेरा है. मैं चुनाव लड़ूंगा, जीतूंगा और फिर मंत्री बनूंगा. बेटे के चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ये उसकी योग्यता पर निर्भर करेगा.
जल्द जारी होगी बीजेपी उम्मीदवारों की पहली सूची
दरअसल यह भी चर्चा है कि अपना टिकट कटने की स्थिति से रामचंद्र चंद्रवंशी विश्रामपुर सीट से बेटे का नाम आगे कर सकते हैं. हालांकि रांची पहुंचे बीजेपी चुनाव सह प्रभारी नंद किशोर यादव ने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जीतने वाले प्रत्याशी को टिकट दिया जाएगा. उन्होंने महाराष्ट्र-हरियाणा के परिणाम से इतर झारखंड में लक्ष्य यानी 65 सीटों पर जीत का दावा किया. साथ ही कहा कि जल्द ही भाजपा प्रत्याशियों की पहली सूची जारी होगी.
आजसू के साथ गठबंधन और सीट शेयरिंग के सवाल पर बीजेपी चुनाव प्रभारी सौदान सिंह ने कहा कि जल्द ही बैठक कर इस पर फैसला कर लिया जाएगा. हालांकि आजसू ने साफ कर दिया है कि इस बार 2014 वाला फॉर्मूला वह मानने के लिए तैयार नहीं है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours