रांची। Jharkhand Assembly Election 2019 उम्मीदवारों के नाम तय करने को लेकर विधानसभा कमेटी की बैठक में पहुंचते ही सुबोधकांत सहाय ने विरोधी तेवर दिखा दिए। आते ही बोले, लंगड़ा-लूल्हा कमेटी में मैं क्या करूंगा। इस पर रामेश्वर उरांव समेत अन्य नेता बिफर गए। लोगों ने उन्हें आसानी से शांत भी करा दिया। 

फुरकान ने सुबोध तो सहाय ने फुरकान का नाम लिखाया

उम्मीदवारों की सूची में सुबोधकांत सहाय ने महगामा से फुरकान अंसारी का नाम जोडऩे की बात कही, तो लगे हाथ फुरकान अंसारी ने हटिया से सुबोध का नाम प्रस्तावित कर दिया। 

गोमिया से एक ही नाम तो गुमला-लोहरदगा से रामेश्वर उरांव का नाम

टिकट के दावेदारों की सूची में कांग्रेस को गोमिया से महज एक ही आवेदन प्राप्त हुआ है। दूसरी ओर, रांची से 12, बोकारो से 12, हटिया से 16, कांके से 18 और धनबाद से 20 लोगों के नाम प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें से 3-4 नाम केंद्रीय चुनाव समिति को भेजे गए लेकिन हटिया से सात लोगों के नाम हैं। गुमला और लोहरदगा से रामेश्वर उरांव का नाम गया है।

सीट गठबंधन में जाने की संभावना से भावुक हुईं गीताश्री उरांव

चुनाव समिति की बैठक शुरू होने से पहले प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव से मिलकर गीताश्री उरांव ने सिसई सीट को लेकर अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। उन्हें प्रदेश अध्यक्ष ने जानकारी दी कि गठबंधन के आधार पर ही आगे कुछ कहा जा सकता है। इससे गीताश्री उरांव भावुक हो गईं। मीडिया कर्मियों को देखकर उन्होंने अपने आप को रोका। कांग्रेस सूत्रों से जानकारी मिली है कि ऐसे ही हालात देखकर उन्होंने सिसई के साथ-साथ मांडर से भी अपनी उम्मीदवारी जताई है।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours