रांची। Jharkhand Assembly Election 2019 झारखंड की भाजपा सरकार के मुख्‍यमंत्री रघुवर दास की कैबिनेट में खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय रविवार को अब से कुछ देर बाद बड़ा एलान करने वाले हैं। आर-पार के मूड में आए सरयू के फैसले पर पक्ष-विपक्ष सबकी नजरें टिकी हैं। रांची से दिल्‍ली तक उनके निर्णय पर नेताओं की नजरें टिकी हैं। इससे पहले सरयू राय ने भाजपा से बगावत करते हुए कहा कि मुझे भाजपा का टिकट नहीं चाहिए। उन्‍होंने पार्टी नेतृत्व से साफ शब्‍दों में कहा कि अब मेरे नाम पर विचार न करें। इधर सरयू राय के बागी होते ही भाजपा को इस विधानसभा चुनाव में सत्‍ता से बेदखल करने का दम भर रही विपक्षी पार्टियां जोर-शोर से उनके समर्थन में सामने आई हैं।

हेमंत सोरेन बोले, पूरा विपक्ष करे सरयू राय का समर्थन

सरयू राय के बागी रुख के बाद विपक्षी दलों ने भी उन्हें खुला समर्थन देने की घोषणा कर दी है। झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि सरयू राय ने पिछले 5 सालों में रघुवर सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाकर एक अलग पहचान बनाई है। यूपीए झारखंड को भ्रष्ट्राचार मुक्त बनाने को कृतसंकल्पित है। सरयू राय मुख्यमंत्री के खिलाफ चुनाव लड़ते है तो इन्हें पूरा विपक्ष समर्थन दे मैं ये अपील करता हूं। उधर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर, डॉ. इरफान अंसारी समेत तमाम वरिष्ठ नेताओं ने भी सरयू के फैसले को सही बताते हुए समर्थन की बात कही है।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours