पलामू में सीआरपीएफ और पुलिस बल की संयुक्त कार्रवाई में चार नक्सलियों को मार गिराया गया. ये कार्रवाई नावाजयपुर और छतरपुर थाना क्षेत्र स्थित मलंगा पहाड़ी पर की गई. मरने वालों में दो महिला और दो पुरुष नक्सली शामिल हैं.
CRPF के 134 बटालियन व पलामू पुलिस के संयुक्त अभियान के दौरान भाकपा माओवादी के जोनल कमांडर राकेश भुईयां के साथ मुठभेड़ हो गई. इसमें राकेश भुईयां पुलिस के गोली का शिकार हो गया. वहीं मौके पर एक और कुख्यात नक्सली लल्लू यादव भी मारा गया. जबकि दो अन्य महिला नक्सली रूबी और उर्मिला की इस मुठभेड़ में मौत हो गई.
दरअसल पुलिस को सूचना मिली थी कि माओवादी राकेश भुईंया का दस्ता पहाड़ पर मौजूद है. इसके बाद इलाके में सर्च अभियान चलाया गया. सीआरपीएफ और पुलिस की टीम को देखते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने भी गोलियां चलाईं. इससे राकेश भुईंया सहित चार नक्सली मारे गये. पुलिस को मौके से 2 एसएलआर तथा नक्सली सामान बरामद हुए. एसपी इंद्रजीत महथा ने कहा कि झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ के लिए यह बड़ी कामयाबी है, क्योंकि इलाके में काफी दिनों से राकेश भुईंया के खिलाफ पुलिस अभियान चला रही थी.
सीआरपीएफ के आईजी संजय ए लाठकर ने रांची में कहा कि पिछले 15 दिनों से लगातार नक्सलियों के खिलाफ संयुक्त ऑपरेशन चल रहा था. इस क्रम में यह दूसरी सफलता है. बीते 8 फरवरी को मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गये थे, जबकि एक महिला नक्सली की गिरफ्तारी हुई थी. आज सुबह 9 बजे माओवादियों के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें दो पुरुष और दो महिला नक्सली मारे गये. भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुए हैं. पिछले दो महीने में यह 15 वीं मुठभेड़ है.
झारखंड पुलिस के प्रवक्ता आशिष बत्रा के मुताबिक पलामू में विमल भुईंया के दस्ते के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें 4 नक्सलियों को मार गिराया गया है. इलाके में सर्च अभियान जारी है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours