देवघर के डिगरिया पहाड़ को एक बायो डाइवर्सिटी पार्क के रूप में विकसित करने की सरकार की योजना है. वन विभाग द्वारा इसका प्रारूप तैयार कर सरकार के पास स्वीकृति के लिए भेजा गया है. इस क्षेत्र के
फ्लोरा और फाउना को और समृद्ध और संरक्षित किया जाएगा.
हरे-भरे जंगल से भरे लगभग 1000 एकड़ से अधिक की परिधि में फैले देवघर के डिगरिया पहाड़ को अब एक बायो डाइवर्सिटी पार्क के रूप मे विकसित किया जाएगा. वन विभाग द्वारा इसका प्रस्ताव सरकार के
पास भेजा गया है. प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर यह पहाड़ी क्षेत्र औषधीय पौधों, इमारती लकड़ियों और कई तरह के दुर्लभ फल-फूल के पौधों के अलावा बड़ी संख्या में छोटे जीव-जंतु, पक्षियों और रंग-बिरंगी तितलियों का भंडार है. विभाग इस पूरे पहाड़ी क्षेत्र को इस तरह से विकसित करने की योजना बना रहा है जिससे यह जीव और वनस्पति विज्ञान के क्षेत्र में अनुसंधान करने वाले छात्रों के लिए वरदान तो साबित हो ही, देवघर आने वाले सैलानियों के आकर्षण का भी यह मुख्य केंद्र बन सके.
इस पहाड़ी क्षेत्र को विकसित करने के लिए वर्षों से प्रयास किए जाते रहे हैं. स्थानीय विधायक द्वारा विधानसभा में भी सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित किया गया था. अब सरकार के इस ताज़ा निर्णय से इस क्षेत्र के विकास की नई उम्मीद जगी है. देवघर की स्वच्छ आबोहवा, पर्यावरण संतुलन और संरक्षण में इस पहाड़ी की बड़ी भूमिका रही है. लेकिन देखभाल के अभाव में चोरी-छीपे इसका तेज़ी से दोहन भी होने लगा है. सरकार और वन विभाग की इस नई पहल से इसका संरक्षण तो होगा ही, पर्यावरण की भी सुरक्षा हो पाएगी.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours