हजारीबाग में राम नवमी महापर्व संपन्न होते ही अब नगर निगम चुनावकी सरगर्मी तेज हो गई है. नगर निगम चुनाव में महापौर उपमहापौर और वार्ड सदस्य के लिए खड़े हुए उम्मीदवार अपने अपने मतदाताओं को रिझाने में लग गए हैं. उम्मीदवार घर-घर जाकर मतदाताओं को अपने पक्ष में वोट करने की अपील कर रहे हैं. वहीं पहली बार हो रहे महापौर और उप महापौर के लिए दलगत चुनाव को लेकर भी विभिन्न राजनीतिक पार्टियां चुनाव में अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए अपने कार्यकर्ताओं के साथ लगातार बैठक कर रहे हैं.
इसी कड़ी में गुरुवार को भाजपा की ओर से नगर निगम महापौर के लिए रोशनी तिर्की और उपमहापौर के लिए राजकुमार लाल के पक्ष में चुनाव जीतने के उद्देश्य से हजारीबाग के प्रभारी गणेश मिश्रा ने पार्टी कार्यालय में एक अहम बैठक की. बैठक में महापौर और उप महापौर के उम्मीदवार के साथ साथ पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी ने हिस्सा लिया. बैठक में चुनाव में जीत के लिए कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई. इतना ही नहीं पदाधिकारियों को कई अहम निर्देश भी दिए गए.
हजारीबाग नगर निगम के चुनाव प्रभारी के रूप में पहुंचे गणेश मिश्रा ने कहा कि संगठनात्मक दृष्टिकोण से हजारीबाग बहुत अच्छा है और चुनाव में भाजपा की जीत पक्की होगी. हालांकि एक सवाल के जवाब में
उन्होंने कहा कि संगठन विरोधी काम करने वाले लोगों पर पार्टी के बनाए गए नियम अनुसार कार्रवाई होगी. बताते चलें कि हजारीबाग की भाजपा जिला महिला मोर्चा की अध्यक्ष माला तिर्की महापौर के लिए टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में खड़ी हैं.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours