बोकारो जिला के दुग्दा थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने का मामला प्रकाश में आया है. एक छह साल की बच्ची के साथ एक दुकानदार ने दुष्कर्म किया और मामले को दबाने का प्रयास किया. आखिरकार देर रात पीड़िता की मां के बयान पर मामला दर्ज कर बच्ची को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल बोकारो भेजा गया. वहीं घटना के बाद से आरोपी दुकानदार फरार हो गया है.

घटना के बाबत कहा जा रहा है कि जी टॉईप कॉलानी स्थित आशीष अग्रवाल के किराना दुकान में मां ने बच्ची को शुक्रवार की देर शाम बिस्कुट लाने भेजा. दुकानदार बच्ची को बिस्कुट देने के बहाने अंदर ले गया और बच्ची के साथ दुष्कर्म किया. बच्ची के साथ घिनौनी हरकत करने के बाद दुकानदार ने बच्ची को डरा धमकाकर घर भेज दिया. लेकिन खून देखकर बच्ची ने मां को घटना की जानकारी दे दी.

मामले को समझते हुए अपनी बच्ची को लेकर मां दुग्दा थाना पहुंची तो थाना में घंटो ड्रामा चला. थाना में गरीबी की बात कहते हुए मामले को रफा दफा करने का प्रयास किया जाने लगा. मगर इसी बीच घटना की जानकारी होते ही मीडिया वहां पहुंच गई. आखिरकार घंटो मशक्कत के बाद थाना में देर रात मामला दर्ज किया जा सका. पीड़िता को रात में ही मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल बोकारो भेज दिया गया.

घटना के संदर्भ में दुग्दा थाना प्रभारी अनिल उरांव ने कहा कि उन्हें टेलीफोन पर एक छह वर्ष की बच्ची के साथ बलात्कार की सूचना मिली. बाद में घटना के संदर्भ में लिखित आवेदन भी दिया गया. थाने में बलात्कार का मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. बच्ची को मेडिकल जांच के लिए चास अस्पताल भेजा गया है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours