जमशेदपुर शहर में बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कैरेज कॉलोनी में घर में घुस कर अपराधियों ने रेल कर्मचारी की गोली मार कर हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी और सिटी डीएसपी घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की पड़ताल की जा रही है.

घटना के बारे में बताया जा रहा है कि रेल कर्मचारी का नाम प्रंसतो कुमार डे है. पत्नी के साथ विवाद होने के कारण वह पिछले तीन-चार साल से दोस्त के घर में रह रहा था. मगर अचानक अज्ञात अपराधियों ने घर में घुस कर गोली मार उसकी हत्या कर दी.

घटना के संदर्भ में मृतक के बड़े भाई ने कहा कि उसकी अपनी पत्नी के साथ तनातनी का रिश्ता चल रहा था. वह तीन-चार साल से अलग रह रहा था. वहीं जमशेदपुर के सिटी डीएसपी अनुरुप सिंह ने कहा कि सिर में गोली मारकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है. उनके अनुसार गोली का शिकार हुआ व्यक्ति रात में घर के बाहर सो रहा था. घटना की सूचना पुलिस को सुबह में मिली. उसके बाद से पुलिस घटना स्थल पर पहुंच जांच पड़ताल कर रही है.

डीएसपी ने कहा कि सिटी एसपी ने हत्या के इस केस का अनुसंधान करने के लिए एक टीम बनाई है. पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. जल्द ही हत्यारे को पकड़ लिया जाएगा.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours