पश्चिम सिंहभूम के चाईबासा नगर पर्षद के उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा और कांग्रेस जैसी दो बड़ी पार्टियां अपने बागियों से परेशान हैं. भाजपा के बागी रामानुज शर्मा उपाध्यक्ष पद का टिकट नहीं मिलने पर आजसू प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में हैं तो कांग्रेस के जिला प्रवक्ता राजकुमार रजक अध्यक्ष पद का टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं.

वहीं चैम्बर ऑफ कॉमर्स के सरंक्षक विकास चंद्र मिश्रा भी निर्दलीय चुनाव लड़ कर व्यावसायियों के वोट में सेंध मारी कर रहे हैं. वह भाजपा और कांग्रेस को ही नुकसान पहुंचा रहे हैं. इन तीनों प्रत्याशियों की शहर में अपनी पकड़ और पहचान है. भाजपा के बागी आजसू प्रत्याशी रामानुज शर्मा मुखर वक्ता होने के साथ ही बिहारी समाज के हर तबके में बेहद मजबूत पकड़ रखते हैं.

वहीं 42 साल से कांग्रेस की राजनीति करने के कारण राजकुमार रजक का अपने दलित समाज के साथ मुस्लिमों में काफी मजबूत पकड़ है. उपाध्यक्ष पद पर किसी मुस्लिम प्रत्याशी नहीं होने के कारण मुस्लिम कांग्रेस के बागी प्रत्याशी राजकुमार रजक को समर्थन कर सकते हैं.

दूसरी तरफ चैम्बर के पदाधिकारी और टेंट व्यवसायी होने के कारण विकास चंद्र मिश्रा की भी शहर में अच्छी पकड़ है. इनकी पकड़ भी उन्हीं लोगों के बीच है, जहां भाजपा और कांग्रेस वोटर हैं. ऐसी परिस्थिति में इन तीनों प्रत्याशियों ने भाजपा-कांग्रेस के उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशियों को बेचैन कर दिया है. लेकिन इन तीनों के आपस में लड़ने से जनता किसे जिताएगी यह देखना रोचक होगा.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours