एक बार फिर एनकाउंटर की दस्तक से दहले अपराधी. मोस्ट वांटेड अपराधी रोपना आया पुलिस की गिरफ्त में. लंबे चले एनकाउंटर के बाद गिरफ्त में आया कुख्यात अपराधी. गंभीर रूप से घायल अपराधी का चल रहा है इलाज.
रांची के चान्हो के सिंगवारटोली में पुलिस और कुख्यात अपराधी रोपना उरांव के बीच जमकर मुठभेड़ हुई. मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी रोपना उरांव बुरी तरह से घायल हो गया. जिसे चान्हो अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स में भर्ती कराया गया. वहीं पुलिस का सर्च अभियान लगातार चान्हो के सिंगवारटोली में जारी है. सर्च अभियान में भारी संख्या में पुलिस बल को लगाया गया है. वहीं आला अधिकारी वहां कैंप कर रहे हैं.
अपराधी रोपना उरांव पर पूर्व में हत्या, लेवी, अपहरण जैसे दर्जनों मामले रांची और लोहरदगा थाना क्षेत्र में दर्ज थे. और पुलिस को कई दिनों से अपराधी रोपना उरांव की तलाश थी.
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कुख्यात अपराधी रोपना उरांव को गिरफ्त में लेने को लेकर चान्हो के सिंगवारटोली में सर्च अभियान चलाया. पुलिस को आता देख अपराधी ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए बम भी फेंके. जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी फायरिंग की जिसमें रोपना बुरी तरीके से घायल हो गया. करीब 45 मिनट तक चली इस मुठभेड़ के बाद अपराधी रोपना को रिम्स भेजा गया. जहां उसकी स्थिति फिलहाल गंभीर बनी हुई है.
चान्हो के सिंगवारटोली में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सर्च अभियान में जिंदा बम और अपराधी रोपना उरांव की बाइक बरामद कर ली गई है.
वहीं इस मामले में एसएसपी कुलदीप द्विवेदी ने साफ कहा है कि रांची पुलिस की यह मुहीम अपराध कर्मियों के खिलाफ लगातार चलती रहेगी. बहुत सारे अपराध कर्मियों को चिन्हित किया गया है. और आगे आने वाले समय में इसी तरीके के ऑपरेशन अपराध कर्मियों के विरुद्ध चलाए जाएंगे.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours