दुमका कोषागार से जुड़े चारा घोटाले के दोषियों को जेल में इटालियन शौचालय उपलब्ध कराने का निर्देश होटवार जेल प्रशासन को दिया गया है. न्यायाधीश शिवपाल सिंह ने दोषियों की शिकायत पर यह निर्देश जारी किया.
दरअसल कई दोषियों ने कोर्ट में यह शिकायत की थी कि उन्हें जेल में शौच करने में दिक्कत होती है. शौचालय की सही व्यवस्था नही होने के कारण खड़े-खड़े शौच करना पड़ता है. कैदियों की इस शिकायत पर सीबीआई कोर्ट के विशेष न्यायाधीश शिवपाल सिंह ने जेल प्रबंधन को निर्देश दिया कि कैदियों के लिए शौचालय की व्यवस्था की जाए.
गुरुवार की सुनवाई के दौरान न्यायाधीश ने कैदियों से कहा कि जिन लोगों को इंडियन टॉयलेट में शौच करने में कठिनाई होती उनके लिए इटालियन टॉयलेट की व्यवस्था करने का निर्देश जेल प्रशासन को दिया गया है.
सुनवाई के दौरान आरसी 45ए/96 मामले में सात दोषियों की सजा के बिन्दू पर बहस पूरी हुई. महेद्र सिंह बेदी, मनोज श्रीवास्तव, मनोरंजन प्रसाद वर्मा, नंद किशोर प्रसाद, ओमप्रकाश दिवाकर, पंकज मोहन भुइयां और पिताम्बर की सजा पर सुनवाई हुई. इन लोगों ने न्यायालय से कम से कम सजा देने की गुहार लगायी.
इस मामले में सीबीआई कोर्ट ने 37 आरोपियों को दोषी करार दिया, जबकि पांच को बरी कर दिया. इस केस कोई राजनेता आरोपी नहीं थे.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours