राज्य में लंबे समय से रिक्त पड़े पंचायतों के करीब दो हजार पदों पर उपचुनाव कराने का फैसला राज्य निर्वाचन आयोग ने लिया है. नगर निकाय चुनाव के कारण इन पदों पर होने वाले उपचुनाव को आयोग ने टाल दिया था. मगर नगर निकाय चुनाव संपन्न होते ही राज्य निर्वाचन आयोग ने इस उपचुनाव को लेकर तैयारी शुरू कर दी है. वार्ड सदस्य से लेकर मुखिया तक के खाली पड़े पदों पर जल्द ही उपचुनाव कराए जाएंगे.

बता दें कि 2015 में हुए पंचायत उपचुनाव के बाद किसी न किसी कारण से अब तक राज्यभर में 1930 रिक्तियां आयोग तक पहुंची हैं. आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो रिक्त पड़े 1930 पदों में सबसे ज्यादा 1826 वार्ड सदस्य के पद हैं. वहीं मुखिया के 46, औप पंचायत समिति सदस्य के 58 रिक्तियां अब तक पाई गई हैं. जिलास्तर पर रिक्त पड़े पंचायतों के पदों पर नजर दौड़ाएं तो सबसे ज्यादा रांची में 168, दूसरे नंबर पर सरायकेला-खरसावां जहां 166 रिक्तियां हैं. वहीं तीसरे और चौथे नंबर पर गिरीडीह और गुमला जिला है. यहां 142 और 129 रिक्तियां पाई गई हैं.राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव की मानें तो इन रिक्त पड़े पदों के लिए उपचुनाव की तैयारी शुरू कर दी गई है.

राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव ज्ञानेन्द्र कुमार ने कहा कि नगर पालिका का निर्वाचन समाप्त हो चुका है. पंचायत के लिए उप निर्वाचन की तैयारियां आयोग स्तर पर प्रारंभ कर दी गई है. उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत सदस्य, मुखिया और पंचायत समिति सदस्य के लिए चुनाव होंगे. जिला परिषद के लिए कोई भी पद रिक्त नहीं है.

बता दें कि राज्य में 2015 के पंचायत चुनाव के आधार पर वार्डों की संख्या 54,330 है. वहीं पंचायतों की संख्या 4402 और 5423 पंचायत समिति है. जाहिर तौर पर इन वार्डों और पंचायतों में वार्ड सदस्य और मुखिया के पद खाली रहने के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहा है. ऐसे में आयोग संवैधानिक प्रावधानों को देखते हुए रिक्त पदों पर चुनाव कराने के लिए तारिखों को अंतिम रूप दे रहा है. इसकी घोषणा जल्द ही कर दिए जाने की संभावना है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours