आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद 6 हफ्ते की प्रोविजनल बेल पर रांची से पटना रवाना हो गये. उनके साथ राजद विधायक भोला यादव भी पटना गये. इससे पहले जेल में बेल से संबंधित कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद वे बाहर निकले और रांची एयरपोर्ट पहुंचे. यहां से फ्लाइट से वे पटना गये.

गत शुक्रवार को झारखंड हाईकोर्ट ने मेडिकल ग्राउंड पर लालू प्रसाद को 6 हफ्ते की प्रोविजनल बेल दी थी. इस सिलसिले में हाईकोर्ट के आदेश की कॉपी बुधवार को सीबीआई कोर्ट पहुंची. इसके बाद सीबीआई कोर्ट में लालू यादव की ओर से 50-50 हजार के दो बेल बॉन्ड भरे गए. कोर्ट ने जेल प्रशासन को रिलीज ऑर्डर जारी किया. तब जाकर लालू प्रसाद रांची की होटवार जेल से बाहर निकले.

हालांकि बेल बॉन्ड को लेकर तब पेंच फंस गया था जब सीबीआई कोर्ट ने लालू यादव का पासपोर्ट मांग लिया. उनका पासपोर्ट सीबीआई के पास है. सीबीआई ने कोर्ट को लिखकर दिया कि पासपोर्ट उसके पास है. इसके बाद कोर्ट ने लालू प्रसाद के वकील को बेल बॉन्ड जारी किया. लालू प्रसाद के वकील प्रभात कुमार के मुताबिक उनके बेल के दिन का काउंट गुरुवार से होगा.

गौरतलब है गत मंगलवार को लालू यादव के प्रोविजनल बेल संबंधी आदेश सीबीआई कोर्ट को नहीं मिल पाया था, जिसके चलते वे जेल से बाहर नहीं निकल पाए. बता दें, झारखंड हाईकोर्ट ने लालू यादव को इलाज के लिए 6 हफ्ते का अंतरिम जमानत दी है. वे 15 तरह की बीमारियों से पीड़ित हैं. लालू यादव गत सोमवार को तीन दिन की पैरोल खत्म कर पटना से रांची की होटवार जेल लौट आए थे.


Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours