झारखंड के बोकारो में एसबीआई के लॉकर काटकर करोड़ों के गहने चोरी करने के मामले में पुलिस ने मुंबई से हसन चिकना को गिरफ्तार किया. उसके पास से साढ़े पांच किलो सोने के जेवरात और 33.64 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं. बोकारो एसपी कार्तिक एस ने इसकी जानकारी दी.
मुंबई के नेरुल में छुपा हुआ था हसन चिकना
हसन चिकना के गिरोह ने ही 25 दिसंबर 2017 की रात बोकारो में एसबीआई की नया मोड़ एडीएम बिल्डिंग शाखा के 72 लॉकर काटकर करोड़ों के सोना-चांदी, हीरे के गहने व नकदी पर हाथ साफ किया था. बोकारो पुलिस ने बताया कि नवी मुंबई के नेरुल स्थित सेक्टर-20 से उसे सोमवार को गिरफ्तार किया गया. उससे पूछताछ जारी है. इधर, झारखंड पुलिस इस मामले में अब तक चिकना की पत्नी फिरदौसी बीबी, साला राजा समेत कुल 13 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. इनसे साढ़े तीन किलो सोना और साढ़े छह किलो चांदी के जेवरात बरामद किए गए है. हसन चिकना लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था. आखिरकार मुंबई पुलिस ने उसे धर दबोचा.
वारंट पर चिकना को बोकारो लाएगी पुलिस
पुलिस के मुताबिक हसन चिकना वहां किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में था. उसके टारगेट में मुंबई के कई बैंक व ज्वेलरी शॉप थे. मुंबई पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है. हसन चिकना से बरामद चोरी के गहने व नकदी के मामले में नवी मुम्बई के नेरुल थाना में अलग से एफआईआर दर्ज होगी. बोकारो पुलिस उसे वारंट पर लाएगी.
गिरफ्तारी में बोकारो पुलिस के टेक्निकल सेल की अहम भूमिका
हसन चिकना की गिरफ्तारी में बोकारो पुलिस के टेक्निकल सेल की अहम भूमिका रही है. मोबाइल लोकेशन से उसे ट्रेस कर पकड़ा गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए बोकारो और साहिबगंज पुलिस लगातार काम कर रही थी. बोकारो एसपी कार्तिक एस ने चिकना की गिरफ्तारी के मुंबई पुलिस से सहयोग मांगा था. इसके बाद नेरुल पुलिस ने रणनीति तैयार कर पहले तो चिकना को चिह्नित किया, फिर उसे धर दबोचा. कोर्ट में कागजी प्रक्रिया पूरी कर बोकारो एसआईटी उसे लेकर आएगी.
एसबीआई के लॉकर से करोड़ों के जेवरात की हुई थी चोरी
25 दिसंबर 2017 की रात बोकारो के नयामोड़ स्थित एसबीआई के 71 लॉकर को काटकर 11 करोड़ से अधिक के जेवरात की चोरी की गई थी. 26 दिसंबर को बैंक खुलते ही पूरे राज्य के पुलिस महकमा में हड़कंप मच गया. सीआईडी एडीजी प्रशांत सिंह और आईजी एमएल मीना को पुलिस मुख्यालय ने जांच के लिए भेजा था. जांच के बाद एसपी के नेतृत्व में चार एसआईटी का गठन किया गया था.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours