कर्नाटक विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह को बधाई दी. मुख्यमंत्री ने प्रोजेक्ट भवन में एक प्रेसवार्ता कर कहा कि राजनीतिक पंडित और विपक्षी दल कर्नाटक चुनाव को 2019 का सेमीफाइनल बता रहे थे. इस चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है. जनविरोधी व विकासविरोधी नीतियों के कारण कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस को नकार दिया.

रघुवर दास ने कहा कि भाजपा की विकास की नीतियों के कारण ये जीत दर्ज हुई है. देश की सवा सौ करोड़ जनता पीएम पर भरोसा कर रही है. कर्नाटक 21 वां राज्य है, जहां भाजपा को बड़ी जीत हासिल हुई है. इस जीत से दक्षिण भारत में भाजपा के विजय का द्वार खुल गया है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि चार साल पूर्व जब पीएम मोदी ने देश की कमान संभाली थी, उस वक्त देश के 8 राज्यों में भाजपा की सरकार थी, आज हम 21 वें राज्य में सरकार बनाने की स्थिति में है. यह भाजपा की नीतियों और सिद्धांतों की वजह से हासिल हो पाया है. आने वाले दिनों में बंगाल, ओडिशा समेत अन्य राज्यों में भी भाजपा जीत हासिल करेगी.

रघुवर दास के मुताबिक बीजेपी कांग्रेस मुक्त भारत बनाने के सपने को पूरा करेगी. कर्नाटक की जीत से एक बार फिर देश की जनता ने संदेश दिया है कि देश का नेतृत्व एक ऐसे व्यक्ति के हाथ में है, जो देश के लिए जी रहा और देश के लिए मर रहा है. देश में सांप्रदायिकता और जातिवाद की राजनीति नहीं चल रही, अब केवल विकास की राजनीति चल रही है.



मुख्यमंत्री ने प्रेसवार्ता में जेएमएम - कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस जहां डूबती नैया है, वहीं जेएमएम आदिवासियों का शोषण करने वाली पार्टी है. आदिवासियों की हकमारी सबसे ज्यादा जेएमएम की वजह से हुई है. अब यहां के आदिवासी है इस बात को समझ चुके हैं और आने वाले दिनों में कांग्रेस मुक्त भारत की तरह झारखंड मुक्ति मोर्चा मुक्त झारखंड बनेगा. सिल्ली और गोमिया विधानसभा उपचुनाव पर मुख्यमंत्री बोले दोनों सीटों पर एनडीए प्रत्याशियों की जीत होगी.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours