आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद तीन दिनों की पैरोल खत्म कर पटना से रांची लौट आए. रांची एयरपोर्ट से वे सीधे बिरसा मुंडा जेल गये. रिम्स के डॉक्टरों ने जेल जाकर उनकी स्वास्थ्य जांच की. मंगलवार को प्रोविजनल बेल की प्रक्रिया सीबीआई कोर्ट से पूरी होने के बाद वे जेल से बाहर आएंगे.

लालू प्रसाद के साथ रांची पहुंचे राजद विधायक भोला यादव ने कहा कि राज्य सरकार के इशारे पर राजद सुप्रीमो को जेल में रखा गया. रिम्स के जो डॉक्टर उनके साथ थे उनकी भी बात नहीं मानी गई. भोला यादव के मुताबिक एम्स के डॉक्टरों की सलाह की भी अनदेखी की गई. प्रोविजनल बेल को लेकर उन्होंने कहा कि अभी उच्च न्यायायल के आदेश की कॉपी निचली अदालत को नही पहुंची है.

मिली जानकारी के मुताबिक हाईकोर्ट से प्रोविजनल बेल संबंधी आदेश मिलने के बाद निचली अदालत में 50-50 हजार रुपए का बेल बांड भरा जाएगा. इसके बाद सीबीआई अदालत होटवार जेल प्रबंधन को रिलीज ऑर्डर जारी करेगा. संभव है कि मंगलवार दोपहर बाद लालू प्रसाद जेल से बाहर निकलेंगे. जानकारी के मुताबिक वे मंगलवार शाम को फ्लाइट से पटना लौटेंगे. इसके लिए टिकट भी बुक किया जा चुका है.

चारा घोटाले में जेल में बंद लालू यादव को बेटे तेजप्रताप की शादी में शरीक होने के लिए 3 दिन की पैरोल मिली थी. इसकी मियाद सोमवार को खत्म हो गई. गत शुक्रवार को मेडिकल ग्राउंट पर उन्हें 6 हफ्ते की प्रोविजनल बेल हाईकोर्ट से मिली.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours