अंडरवर्ल्ड के नाम से प्रसिद्ध दाऊद इब्राहिम का पांव अब झारखंड में भी फैलने लगा है. ताजा मामला जमशेदपुर के पोटका थाना अंतर्गत शाह स्पंज आयरन लिमिटेड कंपनी के अधिकारियों से हैं जहां कंपनी के अधिकारियों से दाउद इब्राहिम के नाम पर एक करोड़ 19 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई है. दाऊद इब्राहिम के नाम पर रंगदारी मांगे जाने के बाद कंपनी के सीईओ ने पोटका थाना में दाऊद इब्राहिम और उनके सहयोगियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया है.
शाह स्पंज आयरन लिमिटेड कंपनी के अधिकारियों से दाऊद इब्राहिम के सहयोगियों ने साफ शब्दों में कहा कि एक करोड़ 19 लाख रूपय दो नहीं तो कंपनी को उड़ा देंगे. वहीं इस धमकी के बाद से कंपनी के कर्मचारी और अधिकारी दहशत में है. हालांकि पोटका थाना में मामला दर्ज हो चुका है और पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है.
जानकारी के मुताबिक शाह स्पंज आयरन लिमिटेड कंपनी ने मुंबई के ठाणे की एक कंपनी से जनरेटर और अल्टरनेटर बनाने को लेकर एग्रीमेंट किया था. मुंबई के ठाणे की कंपनी ने अपने दो कर्मचारियों को शाह स्पंज आयरन लिमिटेड कंपनी में भेजा. जब ये दोनों कर्मचारी जनरेटर ठीक कर रहे थे उसी वक्त जनरेटर में जोरदार धमाका हुआ. इसके बाद शाह स्पंज आयरन लिमिटेड कंपनी के अधिकारियों ने मुंबई की कंपनी से बात की तो मुंबई की कंपनी ने शाह स्पंज आयरन लिमिटेड कंपनी के अधिकारियों को फोन पर दाऊद के नाम की धमकी दी और कहा कि एक करोड़ 19 लाख रूपय मेरे आदमी से भेजो नहीं तो कंपनी को उड़ा देंगे और परिणाम बुरा होगा.
इस खबर के बाद जहां कंपनी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है वहीं पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है. साथ ही पुलिस मुंबई की कंपनी से आये दोनों कर्मचारी को लेकर चार सदस्यीय टीम के साथ मुंबई के लिए रवाना हो गई है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours