पश्चिम बंगाल से जम्मू कश्मीर जाने के दौरान बीएसएफ के 9 जवान गायब हो गए हैं. ये लोग विशेष ट्रेन से जा रहे थे. लेकिन एक जवान वर्धमान और आठ जवान धनबाद से लापता हो गए.

इस सिलसिले में यूपी के मुगलसराय रेलवे स्टेशन के जीआरपी थाने में जवानों के लापता होने का मामला दर्ज कराया गया है. सूचना के मुताबिक विशेष ट्रेन से जम्मू कश्मीर जाने के दौरान रास्ते में जवान लापता हो गए हैं. जब इसकी जानकारी बीएसएफ के अफसरों को मिली तो अफरा-तफरी मच गई. इसके बाद प्लाटून कमांडरों ने मुगलसराय जीआरपी थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई.

मुगसराय जीआरपी के उप निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि बीएसएफ की टुकड़ी के गायब जवानों की प्राथमिकी प्लाटून कमांडरों ने दर्ज कराई है. इस सिलसिले में कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

जानकारी के मुताबिक ट्रेन वर्धमान जंक्शन से खुली तो एक जवान प्रदीप कुमार सिंह नदारद मिला. ट्रेन अगले गंतव्य के लिए धनबाद जंक्शन से खुली तो जवान कैलाश कुमार, दीपक कुमार, दीपक सिंह, अमित कुमार, चौवन सिंह, अश्वनी कुमार, रोहित वर्मा व गोविंद टोली में नजर नहीं आए.


बुधवार को ट्रेन जब मुगलसराय स्टेशन पहुंची तो प्लांटून कमांडर शिव सिंह व सुखवीर सिंह ने जीआरपी थाने में जवानों की गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया. धनबाद के डीएसपी रेल विनोद कुमार का कहना है कि अभी तक उनसे इस मामले में संपर्क नहीं किया गया है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours