28 जुलाई से शुरु हुए श्रावणी मेला 2018 के पहले 11 दिनों में 11 लाख 60 हजार 506 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जलाभिषेक किया. इनमें से 6 लाख 37 हजार 773 पुरुष, 1 लाख 92 हजार 337 महिला और 39 हजार 987 बाल श्रद्धालू हैं. इस अवधी में 2 लाख 90 हजार 409 लोगों ने वाह्य अर्घा का उपयोग जलार्पण के लिए किया.

पिछले वर्ष की तुलना में इस अवधि में इस बार मंदिर की आय में भी काफी इज़ाफ़ा हुआ है. अभी तक विभिन्न स्रोतों से मंदिर को 1 करोड़ 53 लाख 69 हजार 561 रुपये की आमदनी हुई है. इस बात की जानकारी श्रावणी मेला की दूसरी प्रेसवार्ता में जिला के उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने दी.

उपायुक्त ने कहा कि दूसरी सोमवारी के अवसर पर उमड़ी भीड़ को देखते हुए आने वाली सोमवारी सहित शिवरात्रि और नागपंचमी की भीड़ के लिए भी चुस्त-दुरुस्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा अभी से तैयारी शुरु कर दी गई है. उपायुक्त ने बताया कि मेला में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उपलब्ध कराये गए टेंट सिटी का भी बड़ी संख्या में यात्रियों द्वारा उपयोग किया जा रहा है.

मौके पर मौजूद देवघर के एसपी नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मेला के दौरान सोशल मीडिया के जरिये अफवाह फैलाने वाले लोगों पर साइबर सेल द्वारा पैनी नज़र रखी जा रही है. ऐसे एक मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई भी की गई है. एसपी ने कहा कि आने वाले सोमवारी को और भी चुस्त-दुरुस्त सुरक्षा मुहैया करायी जायेगी.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours