रांची हटिया यार्ड में काम करने वाले दैनिक सफाई कर्मी मंगलवार को हड़ताल पर चले गए. सफाई कर्मियों का आरोप है कि सफाई का जिम्मा लेने वाली ठेका कम्पनी एमएस सपोर्ट सर्विसेज छंटनी का काम कर रही है. पिछले दस बारह सालों से काम कर रहे मजदूरों को हटा कर नये मजदूर लाये जा रहे हैं. साथ ही अब मजदूरों की जगह मशीनों का उपयोग किया जा रहा है.
मिली जानकारी के अऩुसार पिछले ठेकेदार ने सफाई कर्मियों का छह माह का वेतन बकाया रखा था. बहुत हंगामा करने पर बकाए चार माह के वेतन का भुगतान किया गया. लेकिन अभी भी सफाई कर्मियों का दो माह का वेतन बकाया है. ऐसे में वर्षों से काम कर रहे दैनिक मजदूर कहां जाएं. हड़ताली सफाई कर्मियों ने सीधे तौर पर चेतावनी दी है कि अगर सभी सफाई कर्मियों को काम पर नहीं रखा जाता है तो किसी भी कीमत पर साफ सफाई का काम नहीं किया जाएगा.
वहीं सफाईकर्मियों को समझाने पहुंचे ठेका कम्पनी के प्रोजेक्ट मैनेजर ने भी इस बात को स्वीकार किया कि साफ सफाई का काम पूरी तरह से मैकेनाइज्ड कर दिया गया है. ऐसे में पहले काम कर रहे सफाई कर्मियों की तुलना में अब कम सफाई कर्मियों की जरूरत है. हालांकि इतना कहने के बाद उन्होंने कहा कि इसके बावजूद बातचीत कर बीच का रास्ता निकाला जा सकता है.
मालूम हो कि रेलवे ने पूर्व में जिस ठेकेदार को साफ सफाई का जिम्मा दिया था उसने कर्मियों का न सिर्फ वेतन रोक रखा था बल्कि उनके मेडिकल , पीएफ और दूसरे एलाउंसेज भी जमा नहीं किए.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours