झारखंड में सरायकेला जिले के चांडिल कांड्रा मुख्य मार्ग पर बीते शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक पुलिस जवान की दर्दनाक मौत हो गई. मृत जवान की पहचान राजेश धान के रूप में की गई है, जो चांडिल थाना में बतौर हेड कांस्टेबल कार्यरत था.

मिली जानकारी के मुताबिक राजेश धान साप्ताहिक हाट से मेस के लिए सामान लेकर बाइक से चांडिल की ओर जा रहा था. तभी इस बीच वह विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आ गया. इस हादसे में जवान की वहीं मौके पर ही मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची चांडिल पुलिस ने अपनी पेट्रोलिंग गाड़ी से ही आनन-फानन में जवान को चांडिल अनुमंडल अस्पताल ले गई, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जवान को मृत घोषित कर दिया.

मृतक जवान पिछले दो वर्षों से चांडिल थाना में पदस्थापित था और काफी मिलनसार स्वभाव का था. वह खूंटी जिले के गोविंदपुर का रहनेवाला था. उनके परिवार में माता-पिता और पत्नी के अलावा एक तीन साल की बेटी भी है. फिलहाल, घटना की सूचना मिलने के बाद से मृत जवान के घर पर मातम पसर गया है.

इधर घटना के तुरंत बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जिसके बाद चांडिल थाना पुलिस ने डंपर को जब्त कर चालक की छानबीन शुरू कर दी है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours