देश भर में संचालित डाकघर की 650 शाखाओं एवं 3250 सेवा केंद्रों में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) का शुभारंभ आज 1 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के ताल कटोरा स्टेडियम से किया. देशभर के साथ ही धनबाद व बोकारो के प्रधान डाकघर एवं आठ उप केंद्रो में भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों के हाथों आईपीपीबी का शुभारंभ हुआ. धनबाद प्रधान डाकघर में आईपीपीबी का शुभारंभ सांसद पीएन सिंह ने टाउन हॉल से किया. इस मौके पर आईआईटी आईएसएम निदेशक प्रो. राजीव शेखर विशेष रूप से उपस्थित हुए.
सांसद पीएन सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आईपीपीबी स्वर्णिम युग की शुरुआत है. इस प्रयोग के बाद बैंक आपके द्वार पहुंचेगा. इसमें पोस्ट ऑफिस की बड़ी भूमिका होगी. अब कोई गांव इससे वंचित नहीं रहेगा. समाज के अंतिम व्यक्ति तक यह सुविधा पहुंचेगी जिसे पोस्ट ऑफिस के डाकिया इसे पहुंचाने का काम करेंगे. प्रो. राजीव शेखर ने इसे सरकार की अच्छी पहल बताई.
धनबाद के प्रधान डाकघर के अलावा बोकारो स्टील सिटी में विधायक विरंची नारायण, गोविंदपुर उप डाकघर में विधायक फूलचंद मंडल , चास उप डाकघर में बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो ने शुभारंभ किया. आईपीपीबी के जरिये डाक पहुंचाने वाला डाकिया अब गांव और कस्बों के घर-घर तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाएगा. डाकिया बैंक खाते खोलने से लेकर पैसे जमा करने तक का काम काम करेगा. पोस्ट पेमेंट बैंक के जरिये सरकार की कोशिश है कि ग्रामीण इलाकों में बैंकिंग सेवाओं को मजबूत किया जाए. देश भर में 40 हजार पोस्ट मैन हैं और 2.6 लाख डाक सेवक हैं. सरकार इन सभी की सेवा बैंकिंग को घर-घर तक पहुंचाने के लिए लेने जा रही है.
बैंकिंग सुविधाओं से वंचित तथा अल्प बैंकिंग सुविधाओं वाले जनसमूह की राह की बाधाओं को हटाकर वित्तीय समावेश के लक्ष्य को प्राप्त करना आईपीपीबी की स्थापना का उद्देश्य है. आईपीपीबी की स्थापना डाक विभाग , संचार मंत्रालय के अधीन भारत सरकार की 100 प्रतिशत इक्यूटी के साथ की गई है. आईपीपीबी बचत खाता , चालू खाता , प्रेषण , धन अंतरण , प्रत्यक्ष लाभन्त्रं , बिल तथा जनपयोगी भुगतान और उद्द्यम एवं व्यापार संबंधी भुगतान आदि उत्पाद प्रदान करेगा. आईपीपीबी में वरिष्ठ नागरिक , गृहणियां , विद्यार्थी , शहरी प्रवासी , कृषक , प्रत्यक्ष लाभन्त्रं के लाभार्थी , ग्रामीण , किराना स्टोर और छोटे व्यव्सायी शामिल हो सकते हैं. आईपीपीबी देश में संचालित 1 लाख 55 हजार डाकघरों के नेटवर्क , कोने कोने में सेवा प्रदान करने वाले 3 लाख पोस्टमैन और जीडीएस के साथ भारत का सर्वाधिक पहुंच वाला बैंक होगा.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours