धनबाद के झरिया में रेनबो ग्रुप ऑफ कंपनीज के चेयरमैन वरुण रवानी और निदेशक विष्णु रवानी के घर पर सीबीआई की रांची टीम ने छापामारी की. मंगलवार सुबह करीब नौ बजे सीबीआई की टीम सबसे पहले भौरा पहुंची. उसके बाद दो अलग-अलग ठिकानों पर भी दबिश दी. सीबीआई के अधिकारी छापेमारी में जब्त दस्तावेजों को खंगालने में जुटे हुए हैं.
रांची सीबीआई की टीम को धनबाद सीबीआई ने भी इस सिलसिले में सहयोग किया. हालांकि इस मामले में सीबीआई के अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है.
गौरतलब है कि साल 2016 में शंकर रवानी ने अपने भाई धीरेन रवानी की कंपनी, रेनबो मल्टी स्टेट को-ऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड के खिलाफ जनता के पैसे लूटने की शिकायत दर्ज कराई थी. तब कंपनी में निवेश करने वाले ग्रामीणों ने भी पैसे वापस नहीं लौटाने का आरोप लगाया था. इसको लेकर एसडीएम कोर्ट में केस भी दर्ज हुआ था.
इस मामले पर जिला प्रशासन ने अपनी असमर्थता जताते हुए इसकी जांच का जिम्मा सीबीआई को सौंपने का आग्रह किया. सीबीआई रांची ने कुछ महीने पहले रेनबो मल्टी स्टेट को-ऑपरेटिव सोसायटी के कई निवेशकों को बुलाकर पूछताछ की. उसी सिलसिले में टीम ने धनबाद में कंपनी के ठिकानों पर छापेमारी की.
बता दें, रांची और धनबाद सीबीआई की टीम पहले से भी चिट फंड कंपनियों द्वारा निवेशकों के पैसे गबन करने के मामलों की छानबीन कर रही है. कई कंपनियों के निदेशकों और पदाधिकारियों को जेल भेजा जा चुका है. झारखंड के धनबाद सहित कई जिलों में दर्जनों ननबैंकिंग कंपनियों के खिलाफ सीबीआई की जांच चल रही है. रेनबो ग्रुप के खिलाफ छापेमारी धनबाद के अलावा गया के ठिकानों पर भी हुई.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours