झारखंड में लोकसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने बुधवार को रांची में मैराथन बैठक की. पहले सियासी दलों, फिर जिलों के डीसी-एसपी के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की. शाम में प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान धन-बल का प्रयोग करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी. साथ ही चार आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर भी एक्शन लिया जाएगा.
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि राजनीतिक दलों के द्वारा दिये गये सुझाव पर आयोग विचार करेगा. वहीं लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराने की चर्चा को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि आयोग इसपर कोई विचार नहीं कर रहा है. ईवीएम टेंपरिंग की बातों को खारिज करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि ईवीएम को लेकर कोई शंका नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में चौकसी बरतने के साथ-साथ चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष हो, इसके लिए सारे प्रबंध किये जाएंगे.
राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ हुई बैठक पर आयोग ने कहा कि चुनावी तैयारी अभी जारी है और जो भी कमियां हैं, उन्हें दूर कर ली जाएंगी. हर मतदान केन्द्र पर ईवीएम के साथ वीवीपैट की व्यवस्था होगी. आयोग ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में मतदान केन्द्र के बजाय मतदाताओं को घर के नजदीक के मतदान
केन्द्र पर वोटिंग की सुविधा दी जायेगी. इसके अलावा हर विधानसभा क्षेत्र में कम से कम एक मतदान केन्द्र महिलाओं के द्वारा संचालित होगा.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours