सीपीएम के महासचिव सीताराम येचुरी ने रांची के रिम्स आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद से मुलाकात की. करीब एक घंटे चली इस मुलाकात में देश की सियासी परिस्थितियों और लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई. मुलाकात के बाद बाहर निकलने पर येचुरी ने यूपी में सपा और बसपा के गठबंधन का स्वागत करते हुए कहा कि बीजेपी को हराने के लिए हर प्रदेश में इसी तरह के गठबंधन बनेंगे.

केन्द्र पर निशाना साधते हुए सीपीएम महासचिव ने कहा कि वर्तमान सरकार में देश में अल्पसंख्यकों और दलितों पर अत्याचार बढ़ा है. आलोक वर्मा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पोल खुलने के डर से वर्मा को सीबीआई निदेशक के पद से हटाया गया. बंगाल में महागठबंधन को लेकर येचुरी ने कहा कि बीजेपी हटाओ, देश बचाओ और तृणमूल हटाओ, बंगाल बचाओ का नारा सीपीएम बुलंद करेगी. पार्टी गैर बीजेपी और गैर तृणमूल ताकतों को एकजुट करेगी.

लालू प्रसाद से मुलाकात के बाद हजारीबाद के पूर्व सांसद और सीपीआई नेता भुनेश्वर मेहता ने कहा कि आरजेडी सुप्रीमो ने हजारीबाग सीट सीपीआई को मिलने का भरोसा दिलाया है, क्योंकि सीपीआई ने दो बार इस सीट पर बीजेपी को हराया है.

बिहार के मधुबनी से विधायक फैयाज अहमद ने भी लालू प्रसाद से मुलाकात की और स्वास्थ्य का हालचाल लिया. बता दें कि गत गुरुवार को झारखंड हाईकोर्ट ने लालू प्रसाद यादव की जमानत याचिका को खारिज कर दिया. लालू प्रसाद चारा घोटाले में सजा काट रहे हैं.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours