झारखंड के पूर्व मंत्री रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड में एनआईए को बड़ी सफलता हाथ लगी है. रायपुर एनआईए की टीम ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी भजोहरि सिंह मुंडा को खूंटी के अड़की के जोजोहातु गांव से गिरफ्तार किया है. वह अड़की थानाक्षेत्र के ही गुरुबेड़ा गांव का रहने वाला है और इस मामले में काफी दिनों से फरार चल रहा था.
एनआईए के मुताबिक रमेश मुंडा की हत्या के लिए आरोपी राजा पीटर ने नक्सली कमांडर कुंदन पाहन को तीन करोड़ रुपये एडवांस के तौर पर दिये थे. उसमें से कुंदन पाहन ने भजोहरि मुंडा को 2 करोड़ 78 लाख रुपये रखने के लिए दिया था. तब भजोहरि कुंदन पाहन का सहयोगी था.
बतौर एनआईए भजोहरि मुंडा के पास रुपये नक्सली गतिविधियों को अंजाम देने के लिए रखे गये थे. बाकी के दो करोड़ रुपये राजा पीटर के आदमी ने दूसरे आरोपी बलराम साहू को दिया था. एनआईए के अनुसार पांच करोड़ रुपये में पूर्व मंत्री की हत्या की डील हुई थी.
बता दें कि तमाड़ के तत्कालीन विधायक व पूर्व मंत्री रमेश सिंह मुंडा की 9 जुलाई 2008 को हत्या कर दी गई थी. एनआईए इस हत्याकांड की जांच कर रही है. इस मामले में आरोपी पूर्व मंत्री राजा पीटर और नक्सली कमांडर कुंदन पाहन जेल में बंद हैं.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours