झारखंड के धनबाद में नये साल के जश्न के मौके पर बीजेपी युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अवधेश सिंह को जान से मारने की कोशिश हुई. हालांकि गोली उन्हें छूती हुई निकल गई. अवेधश सिंह को आनन-फानन में पीएमसीएच में भर्ती कराया गया. उनकी बाईं आंख के नीचे जख्म है.

जानकारी के मुताबिक धनसार थाना क्षेत्र के गांधीनगर के महावीर स्थान के पास नए साल को लेकर जश्न का माहौल था. डीजे की धुन पर वहां के कई युवा मस्ती कर रहे थे. इसी दौरान वार्ड नंबर 31 के पार्षद सुमन सिंह के भाई संटू सिंह समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और डीजे बंद करने को कहा और पिस्टल तान दी. जिसके बाद युवकों ने डीजे बंद कर दिया. युवकों के मुताबिक करीब घंटेभर बाद संटू सिंह अपने समर्थक के साथ फिर वहां पहुंचे और मौके पर मौजूद युवकों से उलझ गए. स्थानीय लोगों के मुताबिक संटू सिंह ने वहां खड़े अवधेश सिंह उर्फ कल्लू पर पिस्टल तान दी. कल्लू से नोकझोंक के बाद उस पर गोली चला दी.

गोली अवधेश सिंह की आंख के नीचे जख्मी करते हुए निकल गई. आनन-फानन में उसे पीएमसीएच में भर्ती कराया गया. घटना में वह बाल-बाल बच गये. घटना की सूचना पर धनसार पुलिस मौके पर पहुंची. मामले की जांच के लिए डीएसपी मुकेश कुमार पीएमसीएच पहुंचे और अवधेश सिंह से पूछताछ की.

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours