लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सीट शेयरिंग को लेकर दिल्ली में महागठबंधन दलों की बैठक होने वाली है. इस बीच सीटों को लेकर दावेदारी का दौर जारी है. जेवीएम और आरजेडी ने तीन-तीन सीटों की दावेदारी पेश की है. वहीं कांग्रेस की तरफ से 7-8 सीटों का दावा ठोंका गया है. हालांकि कुछ सीटों पर डबल दावेदारी से पेंच फंस सकता है.
बैठक में हिस्सा लेने दिल्ली पहुंचे जेवीएम महासचिव प्रदीप यादव ने कहा कि उनकी दावेदारी कोडरमा, चतरा और गोड्डा सीटों पर है. जेवीएम नेता ने साफ कहा कि अगर महागठबंधन नहीं हो पाता है, तो हम अकेले सभी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे. पिछली बार हमें 10 फीसदी वोट मिले थे और विधानसभा चुनाव में तीसरी बड़ी ताकत बनकर उभर थे. वहीं आरजेडी के पूर्व अध्यक्ष गिरिनाथ सिंह ने कहा कि आरजेडी की भी तीन सीटों पर दावेदारी है और हम पलामू, चतरा और कोडरमा सीट पर चुनाव लड़ेंगे.
कांग्रेस नेता फुरकान अंसारी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जेवीएम की एक भी सीट पर दावेदारी नहीं बनती. गोड्डा में मोदी लहर के बावजूद पिछले चुनाव में मुझे 3 लाख से ज्यादा वोट मिले थे. इसलिए गोड्डा सीट पर कांग्रेस की मजबूत दावेदारी है. तीसरे-चौथे नंबर पर रहे जेवीएम की दावेदारी नहीं बनती.
बतौर फुरकान कांग्रेस की दावेदारी 7-8 सीटों पर है. कांग्रेस और जेएमएम को गठबंधन कर चुनाव लड़ना चाहिए. कांग्रेस को जेएमएम की अनदेखी नहीं करनी चाहिए. हेमंत सोरेन को भी कांग्रेस पर भरोसा करना चाहिए.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours