झारखंड में आज से मैट्रिक और इंटर की परीक्षा शुरू होगी. इस बार मैट्रिक में चार लाख 41 हजार 274 जबकि इंटर में तीन लाख 15 हजार 835 परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे. पहले दिन मैट्रिक में गृह विज्ञान और इंटर में वोकेशनल कोर्स की परीक्षा होगी.

दोनों परीक्षाओं को लेकर पूरी तैयारी कर ली गयी है. राज्यभर में मैट्रिक परीक्षा को लेकर 937 जबकि इंटर परीक्षा को लेकर 458 केन्द्र बनाये गये हैं. इस बार मैट्रिक में सबसे ज्यादा 39 हजार 861 परीक्षार्थी पलामू से हैं. इंटर में सबसे अधिक 37 हजार 330 परीक्षार्थी रांची से हैं. मैट्रिक की परीक्षा पहली पाली में, जबकि इंटर की परीक्षा दूसरी पाली में होगी. पहली पाली नौ बजकर 45 मिनट से शुरू होगी. 15 मिनट का वक्त प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए मिलेगा. इंटर की परीक्षा दो बजे से शुरू होकर पांच बजकर 15 मिनट तक चलेगी.

परीक्षा से पहले परीक्षार्थियों को पांच- पांच सेट में मॉडल प्रश्नपत्र उपलब्ध कराये गये थे. झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के अध्यक्ष डॉ. अरविन्द प्रसाद सिंह ने अपील करते हुए कहा कि परीक्षार्थी परीक्षा को लेकर किसी प्रकार का तनाव ना लें. परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा की खास व्यवस्था की गयी है.



Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours