भाजपा सरकार की योजनाओं से आए सकारात्मक बदलाव को साझा करने के लिए घरों में जलाए दीप
रांची। भारतीय जानता पार्टी का महत्वपूर्ण अभियान ‘कमल ज्योति संकल्प अभियान’ की शुरुआत मंगलवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने की। इस अभियान का उद्देश्य हर घर में समृद्धि का उजियारा करने के साथ फिर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लेना है। दीपक जलाकर कमल ज्योति संकल्प अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत झारखंड के गांवों के हर घर में दीप जलाए गए, जिससे पूरा गांव रोशनी से नहा उठा। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भारतीय सेना द्वारा की गई कार्रवाई की जमकर प्रशंसा की। साथ ही कार्यक्रम में दीप जलाने के साथ आतिशबाजी भी की गई।
मंगलवार को भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने झारखंड के सभी जिलों में ‘कमल ज्योति संकल्प अभियान’ के तहत दीप जलाए और नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर राज्य के हर जिलों में इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर और मिठाइयां खिलाकर अभियान को सफल बनाने का निर्णय लिया। मंगलवार की शाम झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास भी राजधानी के एल्बर्ट एक्का चौक पर जाकर शहीदों के नाम दीप जलाकर अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री रघुवर दास जहां राज्यस्तरीय कार्यक्रमों के माध्यम से जनता के बीच पहुंच रहे हैं वहीं संगठन के स्तर पर भी भाजपा में सक्रियता तेज हो गई है। इस कड़ी में मंगलवार को राष्ट्रीय स्तर पर कमल ज्योति संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान पूरे प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ता केंद्र व राज्य सरकार की योजना के 10 लाख लाभार्थियों के घरों में दीपक जला रहे हैं। सीएम रघुवर दास रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर शाम छह बजे इस अभियान में शामिल हुए। स्थानीय स्तर पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में पार्टी के मंत्री, सांसद और विधायक भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराए। शाम छह बजे से रात्रि नौ बजे तक यह अभियान पूरे प्रदेश में चलाया गया। रांची में इस अभियान का प्रभारी समीर उरांव को बनाया गया है।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours