झारखंड की सभी 14 सीटों पर जीत दर्ज करने का लक्ष्य बनाकर चुनावी तैयारी में जुटी भाजपा इन दिनों कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम कर रही है. इसी के तहत राजधानी रांची के हरमू मैदान में खूंटी, हजारीबाग और रांची संसदीय क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का शक्ति केन्द्र सम्मेलन आयोजित हुआ. इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कांग्रेस और जेएमएम पर जमकर निशाना साधा.

देश में कांग्रेस के नेतृत्व में बन रहे महागठबंधन को ठगबंधन बताते हुए सीएम ने कहा कि जिस कांग्रेस ने शिबू सोरेन को प्रताड़ित किया, उनका बेटा आज सत्ता के लिए उससे गठबंधन कर रहा है. नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन पर आदिवासियों की जमीन को हड़पने का आरोप लगाते हुए सीएम ने कहा कि इसकी जानकारी भाजपा कार्यकर्ता घर- घर जाकर आदिवासी भाइयों को देंगे.

कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए सीएम ने कहा कि पार्टी द्वारा दिये जा रहे परिचय पत्र को लेकर वे सरकारी दफ्तर जाकर जनता का काम कराएं. यदि अधिकारी नहीं सुनेंगे, तो उन पर कारवाई की जाएगी. कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम रमन सिंह ने रघुवर सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि यदि वे इसका अनुकरण किए होते, तो वे जरूर चौथी बार भी मुख्यमंत्री बनने में सफल होते.

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours