ट्रिपल तलाक के लिए कठोर कानून के बाद भी अभी तक ट्रिपल तलाक का मामला सामने आना बंद नहीं हुआ है. ऐसा ही एक नया मामला कोयलांचल धनबाद में देखने को मिला, जहां फेसबुक और वॉट्सएप के जरिए एक महिला को ट्रिपल तलाक दिया गया. महिला ने भूली ओपी थाने में न्याय की गुहार लगाई है.

मामला धनबाद से सटे भूली के ओपी क्षेत्र का है. यहां बाइपास रोड की रहने वाली एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने उसे वॉट्सएप और फेसबुक पर तीन बार तलाक-तलाक-तलाक लिख कर तलाक दे दिया है. हालांकि अगर यह आरोप सही साबित हुआ तो नया कानून बनने के बाद धनबाद में यह पहला मामला होगा. पीड़िता ने बताया कि 18 जनवरी 2018 को इस्लामिक रीति रिवाज से उसका निकाह हुआ था. परिवार वालों ने सामर्थ्‍य के अनुसार दहेज भी दिया था. लेकिन दहेज से शौहर और ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे. मायके से पांच लाख रुपये नगद और कार लाने के लिए उसे हमेशा तंग किया जाता था. तीन फरवरी को पति मोबिन अकबर ने फेसबुक मैसेंजर पर तीन बार तलाक तलाक तलाक लिख कर मैसेज कर दिया. सुबह वॉट्सएप पर भी वही मैसेज भेजा गया.

मुस्लिम कानून के जानकार भी यह बताते हैं कि यह अब कानूनी तौर पर सही नहीं है. फेसबुक और वॉट्सएप जैसे सोशल मीडिया से किसी को भी ट्रिपल तलाक नहीं दिया जा सकता है. इस मामले को लेकर पुलिस इंस्पेक्टर रविन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि तलाक का मामला सामने आया है, पीड़िता का आरोपी है कि उसे सोशल मीडिया के जरिए तीन तलाक दिया गया है. उन्होंने बताया कि हालांकि दहेज का मामला मानते हुए पुलिस ने आईपीसी की धारा 498ए और दहेज़ प्रताड़ना के तहत ससुराल वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस तलाक मामले की जांच कर रही है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours