झारखंड की राजधानी रांची में युवाओं में बढ़ रहे नशे की लत को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन भी अब मुस्तैद नज़र आ रहा है. इसी के तहत रांची में स्कूल कॉलेजों के परिसर के बाहर हो या फिर सड़क किनारे नशे का कारोबार करनेवालों के खिलाफ पुलिस अपनी पैनी नज़रे जमाए हुई है. रांची पुलिस को मिले इनपुट और अनुसंधान में हुए खुलासे ने पुलिस को नई रणनीति पर विचार करने को मजबूर कर दिया है, क्योंकि पुलिस को खुलासे और जांच के दौरान स्कूल और कॉलेजों के पास ब्राउन शुगर की सप्लाई की जानकारी मिली है. नशे के कारोबारी विद्यार्थियों को नशे का आदि बनाकर नशे के कारोबार का धंधा चला रहे हैं. इन विद्यार्थियों को नशा मुक्त करने के लिए रांची पुलिस स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान भी चलाने की सोच रही है.
पुलिस की जांच में रांची के विभिन्न थाना क्षेत्रों के 50 से अधिक की संख्या में लोग ब्राउन शुगर के धंधे से जुड़े हैं. रांची पुलिस ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ब्राउन शुगर के सप्लायरों और गली-मुहल्ले में बेचने वालों की सूची तैयार कर ली है और पुलिस इन कारोबारियों को जल्द गिरफ्तार करेगी. एसएसपी अनीश गुप्ता ने सभी थानेदारों को आदेश दिया है कि जिन कारोबारियों की सूची तैयारी की गई है. उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाए.
पुलिस की जांच में इसका खुलासा हुआ है कि कोतवाली, चुटिया, लोअर बाजार, हिंदपीढ़ी, सुखदेवनगर और डोरंडा थाना क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर ब्राउन शुगर का अवैध धंधा चल रहा है. यहां से शहर के अलग- अलग इलाकों में भी ब्राउन शुगर सप्लाई की जा रही है. इन थाना क्षेत्रों में एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है. एसएसपी ने बताया कि पुलिस की जांच में इसका भी खुलासा हुआ है कि ब्राउन शुगर का इस्तेमाल ज्यादातर 15 से 21 साल से युवा कर रहे हैं, जो नशे की वजह से अपराध के दलदल में फंस जाते हैं.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours