पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवान विजय सोरेंग के परिवार को झारखंड सरकार की ओर से दस लाख रुपया और एक नौकरी दी जाएगी. सीएम रघुवर दास ने श्रद्धांजलि देते हुए इसका ऐलान किया.
सीएम ने कहा कि हर परिस्थिति के लिए हमारी सेना और जवान तैयार हैं. ऐसे में शहीदों से प्रेरणा लेकर हमें आगे बढ़ने की जरूरत है. यह समय आंखों में आंसू भरने का नहीं, बल्कि पाकिस्तान में विजयी झंडा फहराने का है. बतौर रघुवर दास पीएम ने आतंकियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का संदेश देशवासियों को दे दिया है.
सीएम ने कहा कि शहीद मरते नहीं, अमर होते हैं. विजय सोरेंग समेत तमाम शहीद जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी. शहीद जवानों के परिवारों के साथ पूरा देश खड़ा है. बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 37 जवान शहीद हो गये. झारखंड के गुमला का लाल विजय सोरेंग भी उनमें शामिल हैं. विजय गुमला के बसिया थाना इलाके के फरसामा गांव के रहने वाले थे.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours