कोडरमा सीट से महागठबंधन के प्रत्याशी सह जेवीएम सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने गिरिडीह में नामांकन किया. नामांकन के बाद आयोजित सभा में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि राज्य में गरीबों की सुनने वाला कोई नही हैं. राज्य सरकार सिर्फ अमीरों को लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है.

महागठबंधन की एकजुटता और ताकत दिखाने के लिए बाबूलाल के नामांकन में विपक्ष के तमाम बड़े नेता जुटे. जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार, राजद प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व मंत्री व जेवीएम नेता बंधु तिर्की और प्रदीप यादव शामिल हुए.

जेएमएम नेता हेमंत सोरेन ने दावा किया कि कोडरमा से बाबूलाल मरांडी की जीत तय है. जीत सुनिश्चित कराने के लिए रणनिति बनाई जा रही है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने कहा कि कोडरमा से महागठबंधन ने ऐसे प्रत्याशी को उतारा है, जो हमेशा गरीबों के बीच रहते हैं. स्कूल बंद कर शराब की दुकान खोलने वालों का जनता विरोध करें. राजद प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा ने कहा कि भाजपा देश में नफरत फैलाने का काम कर रही है.

सभा को पूर्व मंत्री हाजी हुसैन अंसारी, पूर्व सांसद सरफराज अहमद, जेवीएम के प्रधान महासचिव व गोड्डा प्रत्याशी प्रदीप यादव ने भी संबोधित किया.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours