मुख्य संवाददाता/भागलपुर
-----------------------------------
तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय(टीएएमबीयू) के नए कुलपति प्रो. विभाष चन्द्र झा ने सोमवार को 3 बजे 61वें कुलपति के रूप में कार्यभार संभाल लिया। कुलपति का प्रभार देख रहे प्रतिकुलपति प्रो. रामयतन प्रसाद ने उन्हें कार्यभार ग्रहण कराया।
दरअसल नए कुलपति के नाम की घोषणा होते ही प्रभारी कुलपति प्रो. एलसी साहा ने अपना प्रभार प्रतिकुलपति को देकर अपने विभाग वापस लौट गए थे। इस तरह करीब 9 महीने बाद एक बार फिर से विवि को स्थाई कुलपति मिले हैं। कुलपति डॉ. वीसी झा ने कहा कि विवि के विकास के काम को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे। लेकिन यह काम वह टीम के साथ करेंगे। कहा कि विवि को चलाने के लिए शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और छात्रों की जरूरत होगी। इसलिए वह सबको साथ लेकर चलेंगे।
उन्होंने कहा कि विवि में जो भी काम होते हैं वह समाज के विकास के लिए होता है। इसलिए समाज के विकास के लिए हमें मिलकर प्रयास करना होगा। नए कुलपति के आने के बाद पूर्व प्रभारी कुलपति प्रो. एलसी साहा भी पहुंचे और नए कुलपति को बधाई देते हुए अब तक विवि में हुए कार्यों पर चर्चा की। इस दौरान प्रतिकुलपति भी थे।
दोपहर करीब तीन बजे कुलपति के विवि पहुंचते ही विवि के मुख्य गेट पर स्वागत किया गया। योगदान के बाद एफए, डीएसडब्ल्यू, प्रॉक्टर, दोनों कॉलेज इंस्पेक्टर, डीओ, प्रशासनिक भवन के कर्मचारियों, विभन्नि कॉलेजों के प्राचार्य, कर्मचारी नेताओं ने भी उनका स्वागत किया। जानकारी हो कि प्रो. वीसी झा इसके पहले विश्वभारती शांति निकेतन केन्द्रीय विवि में भूगोल के शिक्षक रहे हैं।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours