रांची. रांची यूनिवर्सिटी के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक दिन रहा. यूनिवर्सिटी के 33वें दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मेधावी छात्र- छात्राओं को गोल्ड मेडल प्रदान किया. विभिन्न विभागों के 56 टॉपर्स (Toppers) को राष्ट्रपति ने सम्मानित किया. इनमें 47 छात्राएं शामिल थीं. बेटियों के इस शानदार प्रदर्शन पर राष्ट्रपति ने सराहना की. साथ ही युवाओं को ई-सिगरेट (E Cigarette) से दूर रहने की भी अपील की.
राजधानी के मोरहाबादी स्थित दीक्षांत मंडप में समारोह का आयोजन हुआ. इसमें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 56 में से 11 गोल्ड मेडल पाने वाले विद्यार्थियों को उपाधि देकर सम्मानित किया. राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होने वालों में अनीसा कुमारी, जयंत महतो, विकास कुमार, प्रिया कुमारी सिंह, उमी बेरिया, सुरभि खन्ना, निशा कुमारी वर्मा, रंजीता कुमारी, अनुपमा शुक्लामनी, लेखा दयाल और नेहा कुमारी शामिल रहीं. इनमें से किसी ने गणित में महारथ हासिल की है, तो किसी ने एलएलएम में. इन सबमें सबसे ज्यादा ध्यान 70 साल के सेवानिवृत शिक्षक ब्रज किशोर ठाकुर खींचा. इन्होंने ज्योतिष विज्ञान में पीजी कर गोल्ड मेडल पाया.
राज्यपाल और सीएम ने दी बधाई
राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी मेडल पाने वाले छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने पर जोर दिया. 12 जुलाई 1960 को रांची यूनिवर्सिटी की स्थापना हुई थी. तब से यहां के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का परचम लहराते रहे हैं. मुख्यमंत्री रघुवर दास, जस्टिस एम. वाई. इकबाल उनमें से कुछ नाम हैं. इस साल यहां से करीब 4000 छात्र विभिन्न कोर्स में पास हुए.
राष्ट्रपति ने अपने रांची आगमन पर शहरवासी को हुई परेशानी को लेकर दुख जताया. शनिवार शाम को राष्ट्रपति के काफिले के लिए रांची एयरपोर्ट से लेकर राजभवन तक ट्रैफिक को रोक दिया गया था. ऊपर से बारिश हो रही थी. इससे लोगों को काफी परेशानी हुई थी. तीन दिवसीय दौरा खत्म कर राष्ट्रपति सोमवार को कोलकाता चले गये.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours